नहर से फिर रिसाव शुरू
लहरपुर(सीतापुर)। क्षेत्र से होकर गुजरी शारदा सहायक नहर पटरी से हो रहे रिसाव पर अभी काबू नहीं पाया गया है। शनिवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने छह स्थानों से नहर पटरी में छेद की मरम्मत की थी, लेकिन रविवार को फिर से रिसाव शुरू हो गया। इसको लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारी परेशान हैं। मरम्मत का काम रविवार की देर शाम तक चलता रहा। नहर के करीब बसे तीन गांवों में हड़कंप मचा हुआ है।
क्षेत्र के ग्राम पोंगलीपुर के निकट से गुजरी शारदा सहायक नहर की पटरी से गुरुवार की रात रिसाव शुरू हो गया। शुक्रवार की सुबह कुछ ग्रामीणों ने नहर पटरी से रिसाव होते देखा था। शनिवार को छह स्थानों से पानी का तेज रिसाव को सिंचाई विभाग के इंजीनियरों ने मरम्मत की थी। जिसके बाद शनिवार को अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, सहायक अभियंता निखिल प्रसाद व अवर अभियंता अतुल कुमार ने पटरी को दुरुस्त कर लेने की बात कही। इसके बाद रविवार को फिर से उन्हीं स्थानों से पानी का रिसाव होता देखा गया। रविवार को फिर से सिंचाई विभाग की टीम नहर पटरी की मरम्मत में जुट गई। रविवार देर शाम तक रिसाव वाले स्थान को इंजीनियर दुरुस्त नहीं कर पाए थे। इस रिसाव के चलते नहर निकट मौजूद ग्राम पोंगलीपुर, कौम नगर व महुआताल के बाशिंदों में हड़कंप मचा हुआ है।