माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2018 में होने वाली हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 372 कॉलेजों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। शासन स्तर पर इसकी समीक्षा के बाद अब डीआईओएस को इन केंद्रों द्वारा भेजी गई सूचना का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।
मालूम हो कि शासन ने इस बार यूपी बोर्ड के परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए ऑनलाइन आवेदन लेने का निर्णय लिया था। आवेदन के आधार पर परीक्षा केंद्र निर्धारित किए जाएंगे। अब तक डीआईओएस अपने स्तर से परीक्षा केंद्र निर्धारित करते थे। जुलाई में सभी कॉलेजों को अपने स्कूल में मौजूद सुविधाओं की जानकारी भरने के निर्देश दिए गए थे। इस पर जनपद के 372 कॉलेजों ने आवेदन किया है।
इन कॉलेजों ने पूरी जानकारी अपलोड़ की थी। शासन स्तर पर इसकी समीक्षा की गई । अब शासन ने डीआईओएस को परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए भरी गई सूचनाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग का कहना है राजकीय कॉलेजों के प्रधानाचार्य द्वारा इसका सत्यापन कराया जाएगा।
वह स्कूल में कक्षा कक्ष, अलमारी, कंप्यूटर, सीसीटीवी, चहारदीवारी, गेट, प्रसाधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लेंगे। उसके बाद इसकी रिपोर्ट डीआईओएस के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी। इसके बाद परीक्षा केंद्र निर्धारण की कार्रवाई शुरू की जाएगी। परीक्षा केंद्रों का आवंटन भी इसी सूचना के आधार पर किया जाएगा।