सीतापुर। जिले की 1588 ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम चल रहा है। बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं। इस दौरान उनकी ओर से मतदाता सूची की कमियों को सुधारने, नाम काटने और परिवर्धन का काम किया जा रहा है। बीएलओ एप के माध्यम से करीब 3700 मतदाताओं के नाम व पते संशोधन के लिए चिह्नित किए गए हैं। डुप्लीकेट मतदाताओं का भी डोर-टू-डोर सत्यापन हो रहा है। इनका आधार से मिलान किया जा रहा है।
1588 ग्राम पंचायतें में 30,53,706 मतदाता हैं। इनके सत्यापन के संग डुप्लीकेट मतदाताओं का भी घर-घर सत्यापन किया जा रहा है। 1931 बीएलओ की ओर से गणना शीट भरने के बाद इसकी सूची संबंधित खंड विकास अधिकारी को दी जाएगी।
उनकी ओर से इसे एक्सल शीट पर भरकर एसडीएम को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद संशोधन,परिवर्धन और विलोपन की कार्यवाही होगी। बीएलओ एप द्वारा सत्यापन का डेटा अपडेट किया जा रहा है। 3700 से अधिक वोटरों के नाम संशोधन के लिए चिह्नित किए गए हैं। सर्वाधिक 761 मतदाता हरगांव ब्लॉक से चिह्नित किए गए हैं। जिनकी त्रुटियों का संशोधन किया जाना है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत वीएल भार्गव ने बताया कि पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।