पावर कॉर्पोरेशन की सरचार्ज माफी योजना में रविवार को लगाए गए कैंप में उपभोक्ताओं को भीड़ उमड़ी। विद्युत सब स्टेशनों पर लगाए गए कैंप में लोगों ने बकाया बिजली बिलों को शामिल कराकर फायदा भी उठाया।
जिले में लगे शिविर में 251 लोगों ने पंजीकरण कराया। जिनसे 30 लाख 35 हजार रुपये वसूले गए। योगी सरकार ने डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाये का सरचार्ज माफ कर दिया है।
इस फैसले से 31 मार्च 2017 तक के बिजली बकायेदारों को लाभ मिलेगा। वे किस्तों में बकाया धनराशि जमा कर सकेंगे। यह राहत ग्रामीण व शहरी घरेलू उपभोक्ताओं के साथ ही कॉमर्शियल व इंडस्ट्रियल उपभोक्ताओं को मिलेगी।
इस बाबत उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने आदेश भी जारी कर दिया था। यह आदेश जारी करने के साथ ही शासन ने रविवार को सरचार्ज माफी योजना में विद्युत सब स्टेशनों पर शिविर लगाने के भी निर्देश दिए थे।
सीतापुर में विभिन्न श्रेणी के उपभोक्ताओं पर तकरीबन 20 करोड़ रुपये की देनदारी है। सरचार्ज माफी योजना में इन उपभोक्ताओं को शामिल किए जाएंगे। स्कीम में रविवार को जनपद में लगाए गए 19 कैंपों में 251 बिजली उपभोक्ताओं ने न सिर्फ पंजीकरण कराए, बल्कि उन्होंने योजना में शामिल होकर छूट का लाभ भी लिया। योजना में 30 लाख 35 हजार रुपये राजस्व वसूला गया। इसके अलावा कॉर्पोरेशन ने 190 उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे।