कैश संकट से जिले के एटीएम जूझ रहे हैं। रविवार को जिलेभर में लोग कैश निकालने के लिए भटकते रहे, लेकिन कोई भी एटीएम चलता नहीं मिला। इसकी वजह से लोगों को मायूसी ही हाथ लगी।
शनिवार व रविवार को बैंक बंद थे। लोगों को एटीएम से ही कैश मिलने की उम्मीद थी। यही वजह है कि रविवार सुबह से ही लोग कैश पाने की उम्मीद लेकर लोग एटीएम की तरफ चल पड़े। कार्डधारकों की भीड़ जहां भी पहुंची, वहां पर एटीएम का शटर डाउन ही मिला।
कुछ स्थानों पर शटर तो खुला था, लेकिन एटीएम में कैश नहीं था। जिला मुख्यालय की हालत ये थी कि महज कलेक्ट्रेट में लगा एटीएम ही चल रहा था। जबकि शहर के अन्य सारे एटीएम शोपीस बने नजर आए।
कलेक्ट्रेट के एटीएम से नोट निकलते देख, यहां पर थोड़ी ही देर में भीड़ लग गई। लोग कतार में खड़े नजर आए। ऐसे में बहुत से ऐसे कार्डधारक थे, जो एटीएम तक पहुंचे जरूर, लेकिन भीड़ देखकर लौट गए।
लहरपुर, खैराबाद, बिसवां, महमूदाबाद, महोली, मिश्रिख, तंबौर, सिधौली आदि कस्बों में भी एटीएम पूरी तरह से खामोश दिखे। जिले में करीब 102 एटीएम लगे हैं। रविवार को उन एटीएम में सिर्फ एक ही एटीएम चलता नजर आया।