सीतापुर। होली के पर्व पर जिलेवासियों को निर्बाध 24 घंटे बिजली आपूर्ति मिलेगी। बिजली विभाग ने तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए फॉल्ट की स्थिति में 20 मिनट के भीतर रिस्पांस देने का दावा किया है। चार मार्च को मनाई जाने वाली होली पर पानी और बिजली की कमी न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
अधीक्षण अभियंता ललित कृष्ण ने बताया कि सभी उपकेंद्रों की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। जिन क्षेत्रों में तार टूटने की घटनाएं अधिक हो रही थीं, वहां पुराने तार बदल दिए गए हैं, जिससे फॉल्ट की आशंका कम हो गई है। प्रत्येक उपकेंद्र पर तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कंट्रोल रूम से मिलने वाली शिकायतों का 20 मिनट के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
कैंसिल हुई छुट्टियां
होली को देखते हुए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश स्वीकृत होगा। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि इसका उद्देश्य पर्व के दौरान बेहतर आपूर्ति बनाए रखना है, ताकि किसी उपभोक्ता को परेशानी न हो।
शहर में रिजर्व रहेंगी ट्रॉलियां
शहर के प्रत्येक उपकेंद्र पर दो-दो ट्रॉलियां रिजर्व रखी गई हैं। यदि कहीं ट्रांसफार्मर फुंकने की स्थिति बनती है तो उसे आधे घंटे के भीतर बदलने की व्यवस्था की गई है। अवर अभियंता मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल कराना सुनिश्चित करेंगे।