महिला कोटेदार पर केस दर्ज
तंबौर(सीतापुर)। थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला कोटेदार पर राशन में घपले की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि कोटेदार ने दो महीने का राशन कार्ड धारकों को नहीं बांटा है। जिसको लेकर आपूर्ति विभाग के अधिकारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के ग्राम पर्वतपुर निवासी ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की थी, कि गांव के कोटेदार ने दो माह से राशन नहीं बांटा है। इस पर एसडीएम ने जांच के आदेश दिए थे। जांच करने गए पूर्ति निरीक्षक विवेक श्रीवास्तव ने जब कोटेदार से अभिलेखों को मांगा, तब कोटेदार ने देने से इंकार कर दिया। स्टाक रजिस्टर न मिलने पर पूर्ति निरीक्षक ने ग्रामीणों के बयान दर्ज किए और अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी। राशन वितरण में घपले को लेकर जिलाधिकारी ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए। जिसके बाद पूर्ति निरीक्षक ने तहरीर तंबौर थाने में दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।