यू ट्यूब पर देखकर बनाया था नकली बम
सीतापुर। लहरपुर के सराफ के घर बम रखकर फिरौती मांगने वाले बदमाश ने इससे पहले सीतापुर के एक दाल व्यापारी और लखीमपुर के एक व्यक्ति को नकली बम से डराकर रंगदारी मांगी थी। हालांकि अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सका था। हूबहू बम की तरह नजर आने वाली वस्तु वह यू ट्यूब पर देखकर बनाता था।
बदमाश के पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस व घटना में प्रयुक्त बाइक व मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को जेल भेज दिया। मालूम हो, कि बुधवार को लहरपुर के सराफ हरीश रस्तोगी के मोबाइल पर कॉल कर 20 लाख की फिरौती मांगी गई थी। सराफ ने पहले इसे गंभीरता से नहीं लिया।
इस पर कॉलर ने सराफ के घर टाइम बम प्लांट करने की बात कही। तलाश करने पर घर की फुलवारी में बम जैसी एक वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने बम को कब्जे में लेकर बदमाश की धरपकड़ के लिए जाल बुना। जिसमें बदमाश फंस गया।
एसपी एलआर कुमार ने बताया कि पकड़े गए बदमाश की पहचान गुड्डू निवासी नवाब साहबपुरवा थाना तंबौर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि चार महीने पहले सीतापुर के एक दाल व्यापारी तथा लखीमपुर खीरी में एक व्यक्ति के घर के पास नकली बम रखकर रंगदारी मांगी थी। हालांकि वह सफल नहीं हुआ था। बिल्कुल बम की तरह दिखने वाली वस्तु वह यू ट्यूब पर देखकर तैयार करता था।