यात्रियों को प्लेटफार्म पर करना पड़ा इंतजार
सीतापुर। सीतापुर-ऐशबाग के ब्रॉडगेज रूट पर उद्घाटन के दूसरे दिन ट्रेनों का संचालन काफी लेटलतीफ रहा। यहां के रूट पर रेलगाड़ियां लखनऊ से यात्रियों को लेकर देरी से पहुंचीं और विलंब से ही यहां के मुसाफिरों को लेकर लखनऊ रवाना हुईं, हालांकि सीतापुर-लखनऊ पैसेंजर व सीतापुर-लखनऊ गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन जरूर यात्रियों को लेकर राइट टाइम गईं।
ऐसे में यात्रियों को ट्रेनों से लखनऊ तक सफर करने को घंटों प्लेटफार्म पर इंतजार करना पड़ा। करीब ढाई बरस बाद बुधवार को रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने नए सीतापुर-ऐशबाग ब्रॉडगेज ट्रैक व रेलगाड़ियों का शुभारंभ कर नए युग की शुरुआत की थी। उद्घाटन के दिन केवल एक विशेष डेमू ट्रेन यहां से लखनऊ को दौड़ाई गई थी।
खुद सिन्हा ने भी इसी ट्रेन में सवार होकर बख्शी का तालाब स्टेशन तक ट्रेन में सफर किया था। इस ट्रैक के शुभारंभ होने के बाद गुरुवार को नियमित ट्रेनों के संचालन को पहला दिन था। इस दिन ट्रेनों से सफर के लिए मुकर्रर समय से पहले मुसाफिर सीतापुर जंक्शन पहुंचे।
रेलवे के मुताबिक सुबह साढ़े छह बजे सीतापुर-लखनऊ जंक्शन ट्रेन तो यात्रियों को लेकर समय से रवाना हुई। इस रेलगाड़ी से सफर करने वाले यात्रियों ने तो बहुत ही सुखद अनुभव किया। लेकिन गोरखपुर-लखनऊ सीतापुर एक्सप्रेस ट्रेन यहां पर आधा घंटा देरी से यानी पूर्वाह्न 11 बजे पहुंची।
जबकि इसके यहां पर आने का समय साढे़ दस बजे तक तय है। दोपहर डेढ़ बजे यहां से यात्रियों को लेकर सीतापुर से डालीगंज पैसेंजर ट्रेन को रवाना होना था। मगर यह ट्रेन यहां से तीन बजकर बीस मिनट पर रवाना हो सकी है, क्योंकि इस ट्रेन को लखनऊ से यात्रियों को लेकर सीतापुर दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर आना था। लेकिन यह ट्रेन दो घंटा देरी से आईं।
ऐसे में इस ट्रेन से यात्रा करने वाले लोगों को घंटों प्लेटफार्म इंतजार करना पड़ा। पहले दिन ट्रेनों के संचालन में लेटलतीफी के चलते मुसाफिरों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ीं। उधर, सीतापुर जंक्शन के अधीक्षक एके शुक्ला ने बताया कि इस रूट पर ट्रेनों को विस्तार कर चलाया जा रहा है। जिस कारण ट्रेनों का संचालन में विलंब हो रहा है। जल्द ही समय ही इसमें सुधार आएगा।