सभी बस स्टॉप के निकट बेहोश पड़े मिले, जिला अस्पताल में भर्ती
सीतापुर। रक्षाबंधन पर घर लौट रहे चार यात्रियों को जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने बेहोश कर लूट लिया। इन सभी यात्रियों को रोडवेज बस स्टॉप पर ही जहरखुरानी गिरोह ने अपना शिकार बनाया है। यात्रियों में एक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने चारों यात्रियों को बेहोश की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
तंबौर थाना क्षेत्र के ग्राम भेटहुआ निवासी धर्मेंद्र (20) मजदूरी करके परिवार का पेट पालता है। तीन माह पूर्व वह कमाने के लिए दिल्ली गया था। बताते हैं कि रक्षाबंधन पर्व के कारण वह रोडवेज बस से वापस अपने घर के लिए चल दिया। सीतापुर बस स्टॉप पर वह उतरा तो उसे तंबौर के लिए कोई साधन नहीं मिला।
वह बस स्टॉप पर ही आराम करने लगा। इसी बीच जहरखुरानों ने किसी तरह से उसे नशीली चाय पिला दी। उसके बेहोश होते ही जहर खुरान उसके पास मौजूद 15 हजार की नकदी, मोबाइल फोन आदि सामान समेट कर निकल भागे। इसी तरह से जहरखुरानों ने तालगांव के बिलहरी निवासी कमलेश (35) और विशंभर (31) को भी रोडवेज बस स्टॉप पर ही अपना ही शिकार बनाया है।
ये दोनों यात्री लखनऊ से कमाकर रक्षाबंधन पर घर के लिए वापस हुए थे। दोनों के पास से जहरखुरान दो मोबाइल फोन व 28 हजार की नकदी उड़ा ले गए हैं। इसी तरह से एक अन्य यात्री को भी जहरखुरानों ने बेहोश करके लूट लिया है। जिसकी पहचान नहीं हो सकी है।