इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। बदमाशों ने घर में घुसकर बालिका के गर्दन पर चाकू रख 20 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई वारदात ने इमलिया सुल्तानपुर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है।
थाना इमलिया सुल्तानपुर के मुख्यालय गांव में सोमवार की शाम मतीन की पुत्री अक्शा (12) रसोई घर में चाय बना रही थी। मां किसी काम से पड़ोस में गई थी। इसी बीच अक्शा ने आहट सुनी तो वह कमरे की ओर बढ़ी। बालिका के मुताबिक, दो नकाबपोश लुटेरों ने चाकू लगाकर उसे पकड़ लिया। जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखे रुपयों की जानकारी ली और नकदी मिलने पर वह घर के पीछे वाले रास्ते से भाग निकले।
सहमी अक्शा बदमाशों के जाने के बाद शोर मचाते हुए पास वाले घर में पहुंची और मां को हाल बताते हुए बेहोश हो गई। महिला ने घर में आकर देखा तो बैग में रुपये नहीं मिले। यूपी 112 पर सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लूट की सूचना मिलते ही इमलिया सुल्तानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच पड़ताल की। होश में आई बालिका से भी घटना के बारे में जानकारी ली। अक्शा ने पुलिस को बताया कि लुटेरों ने नीले रंग की जैकेट व काली पैंट पहन रखी थी।
दोनों के हाथ में चाकू थे। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर घर में रखे पैसे की जानकारी ली। इसके बाद रुपये लेकर भाग गए। बालिका का पिता मतीन हरदोई में फेरी व दरी चादर का काम करता है। महिला ने बताया कि दो दिन पूर्व बेटे नईम को बीस हजार रुपये देकर घर भेजा था। घटना थाने से महज 500 मीटर की दूूरी पर हुई है, इससे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। एसओ विजयेंद्र सिंह ने बताया कि नईम ने मामले में तहरीर दी है। घटना की जांच की जा रही है। कार्रवाई होगी।