कल्ली चौराहा(सीतापुर)। गोंदलामऊ की ग्राम पंचायत डेंगरा में बुखार व मलेरिया का प्रकोप है। गांव में 20 से अधिक लोग बीमार हैं। जांच के बाद तीन मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हो चुकी है। इसके बावजूद गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं पहुंची है। परेशान मरीज झोलाछाप से इलाज कराने को मजबूर हैं।
प्रधान हेमराज मौर्य ने बताया कि गांव में लोग कई दिन से बुखार से पीड़ित हैं। रामचंद्र तिवारी (67), बिट्टू (30) व कल्लू (40) को सात दिन से बुखार आ रहा है। उन्होंने प्राइवेट में जांच करवाई है। इसमेंं ये तीनों मलेरिया पॉजिटिव मिले हैं।
इसके अलावा जर्नादन मिश्रा (30), दुर्गेश (35), मुकेश (30), कुलदीप (32), अनन्या मिश्रा (5), दर्शिका (5), कुमकुम (5), सरोज (32), अतुल (35) सहित अन्य कई लोगों को बुखार आ रहा है। ये मरीज झोलाछाप से इलाज करवा रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. धीरज मिश्रा ने बताया कि गांव में टीम भेजकर जांच करवाई जाएगी।