चीनी मिलें गन्ना किसानों के बकाये का तत्काल भुगतान करें। इसमें लापरवाही बरतने पर मिल के खिलाफ केस दर्ज कराने के साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को अपने कक्ष में मिलों के प्रबंध तंत्र की बैठक में डीएम सूर्यपाल गंगवार ने बकाया भुगतान पर सख्त तेवर दिखाए।
उन्होंने कहा कि जिले की पांचों मिलों पर 2 अरब 48 करोड़ की बकायेदारी है। शासन के साथ ही हाईकोर्ट भी बकाया भुगतान के सबंध में गंभीर है। इसलिए बकाया भुगतान में लापरवाही न बरती जाए।
जिला गन्ना अधिकारी दुष्यंत वर्मा ने बताया कि मौजूदा समय में हरगांव मिल पर 14553 लाख, बिसवां पर 2624, रामगढ़ पर 2619, जवाहरपुर पर 3789 व महमूदाबाद पर 1251 लाख रुपये की बकायेदारी है। इस पर डीएम ने 15 जुलाई तक किसानों का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश मिल प्रबंधकों को दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि तक भुगतान न करने वाली मिल के खिलाफ केस दर्ज कराने के अलावा भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एडीएम सर्वेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट महेश चन्द्र शर्मा व चीनी मिलों के अधिशासी अधिकारी मौजूद थे।
यथाशीघ्र पूर्ण कराएं अधूरे कार्य
सीतापुर। पन्द्रहवीं व सोलहवीं लोकसभा के सदस्यों की सांसद निधि के कार्यों की डीएम सूर्यपाल गंगवार ने समीक्षा की। समीक्षा में वर्ष 2009 से 14 की अवधि में कराए गए तमाम कार्य अपूर्ण पाए गए। डीएम ने इसी माह अधूरे कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। डूडा द्वारा सभी यात्री शेडों का निर्माण न किए जाने पर उन्होंने कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए। उन्होंने सीडीओ व पीडी से अपने निर्देशन में सभी कार्य यथाशीघ्र पूर्ण कराने को कहा।