ग्रामीणों को संदेह आदमखोरों के झुंड ने ही किया हमला
सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में स्कूल से घर को जा रहे एक छात्र पर मंगलवार को कुत्तों के झुंड ने हमला बोल दिया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह से छात्र को बचा तो लिया, लेकिन वह बुरी तरह से जख्मी हो चुका था। ग्रामीणों का संदेह हैं कि शायद छात्र पर आदमखोर कुत्तों ने हमला किया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सोनारी निवासी लख्खा का पुत्र अनूप (7) गांव के ही सरकारी स्कूल में कक्षा एक छात्र है। मंगलवार को वह स्कूल में पढ़ने के बाद घर के लिए चल दिया। बताते हैं कि बालक घर जाने के बजाय रास्ते में पड़ने वाले तालाब पर खेलने लगा।
इसी बीच कुत्तों के झुंड ने बालक पर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कुत्ता ही बालक को नोच रहा था, जबकि उसके साथ मौजूद कुत्ते घेरा बनाए हुए थे। ग्रामीणों ने लाठियों की मदद से कुत्तों को खदेड़ बालक को बचाया। लेकिन तब तक बालक जख्मी हो चुका था।
कुत्ते ने बालक के सिर को दबोच रखा था। जिसकी वजह से उसका सिर जख्मी हुआ है। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर बालक को छुट्टी दे दी। इस घटना के बाद क्षेत्र में एक बार फिर से दहशत का माहौल है। हालांकि परिवार ने इस संबंध में किसी से कोई शिकायत नहीं की है।