अटरिया (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने हाईवे पर एक चिकित्सक की पत्नी के गले से चेन लूट ली। पीड़ित महिला ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है।
अटरिया कस्बा निवासी डॉ. सुजीत दत्ता कस्बे के निवासी राजन दीक्षित के घर किराये से रहते हैं। बताते हैं कि शनिवार को सुजीत की पत्नी मानसी दत्ता मकान मालिक राज दीक्षित व उसकी पत्नी मीना दीक्षित के साथ सिधौली कस्बा गई थी।
वहां पर खरीदारी करने के बाद तीनों लोग बाइक से वापस घर के लिए चल दिए। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अटरिया थाना क्षेत्र के ग्राम कबरन के निकट पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर मानसी के गले से सोने की चेन खींच ली।
मानसी शोर मचाती रह गई, इसी बीच बदमाश फर्राटा भरते हुए भाग गए। घटना के बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश किया जाएगा।