यूपी बोर्ड की सात लाख उत्तर पुस्तिकाओं की पहुंची खेप
सीतापुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की करीब सात लाख उत्तर पुस्तिकाओं की खेप जनपद पहुंच गई है। इसमें इंटरमीडिएट की तीन लाख व हाईस्कूल की चार लाख उत्तर पुस्तिकाएं शामिल हैं। हालांकि इंटर में विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार 25 प्रतिशत कम उत्तर पुस्तिकाएं आई है। अब परीक्षा केंद्र प्रभारी जीआईसी से इनका उठान करेंगे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा छह फरवरी से शुरू हो रही है। इसको लेकर तेजी से तैयारियां चल रही हैं। इस बार हाईस्कूल में 51 हजार 471 और इंटरमीडिएट में 40 हजार 603 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार उत्तर पुस्तिकाएं जनपद में आनी शुरू हो गई हैं। कोठार प्रभारी शिवकुमार त्रिवेदी व जगदीश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि, मानक के अनुसार इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रत्येक विद्यार्थी को दस उत्तर पुस्तिकाएं दी जाएंगी। जबकि हाईस्कूल में छह उत्तर पुस्तिकाएं मिलेंगी। इस हिसाब से इंटर में चार लाख उत्तर पुस्तिकाएं चाहिए। जबकि इस समय अ सीरीज की एक लाख 91 हजार व ब सीरीज की एक लाख 16 हजार उत्तर पुस्तिकाएं आई हैं। इसी प्रकार हाईस्कूल में जरूरत के मुताबिक अ सीरीज की तीन लाख आठ हजार व ब सीरीज की 92 हजार कॉपियां आ गई हैं। इंटर की कॉपी में 28 पेज व हाईस्कूल की कॉपी में 16 पेज हैं। उत्तर पुस्तिकाओं का उठान शुरू हो गया है। अब तक उजागर लाल इंटर कॉलेज, एसआरके इंटर कॉलेज, जीजीआईसी कमलापुर व बीबीएससी मॉडल पब्लिक स्कूल ने उत्तर पुस्तिकाओ का उठान कर लिया है। डीआईओएस देवकी सिंह का कहना है कि, बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं आ गई हैं। सभी केंद्र प्रभारी एक सप्ताह के अंदर केंद्र से उत्तर पुस्तिकाओं का उठान करना सुनिश्चित करें।