पिटाई कर युवक से नकदी व मोबाइल लूटा
मानपुर। थाना क्षेत्र में दबंगों ने एक युवक की जमकर पिटाई की और उससे नकदी व मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने पीड़ित का डॉक्टरी परीक्षण कराकर कार्रवाई की इतिश्री कर दी।
अब पीड़ित इंसाफ के लिए भटक रहा है। हालांकि सीओ लहरपुर अखंड प्रताप सिंह ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की बात कही है।
वारदात 17 दिसंबर की है। थाना क्षेत्र के ग्राम सरैयासानी निवासी मुन्ना (50) यूकेलिप्टस के पेड़ खरीदने गांव के महावीर के घर गया था।
यहां पर पेड़ बेचने व खरीदने की बात को लेकर महावीर से मुन्ना का विवाद हो गया। तकरार बढ़ने पर महावीर पक्ष से कई अन्य लोग लाठी-डंडों समेत वहां पहुंच गए।
महावीर व उसके साथियों ने मुन्ना को जमकर पीटा और उसका मोबाइल तथा 5 हजार रुपये लूट लिए। घटना के संबंध में पीड़ित ने मानपुर थाने में तहरीर दी।
पुलिस ने घायल मुन्ना का डॉक्टरी परीक्षण तो कराया, लेकिन इस मामले को एनसीआर में दर्ज कर लिया। अब पीड़ित मुन्ना न्याय पाने के लिए पुलिस अधिकारियों के दरवाजों के चक्कर लगा रहा है।
सीओ अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। जल्द ही इस घटना को दिखवाया जाएगा और इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।