जेट्रोफा का फल खाने से 12 बच्चे बीमार
सरैंया। जेट्रोफा का फल खाने से गुरुवार को 12 से अधिक छात्र बीमार हो गए। बच्चों को सीएचसी पहला व महमूदाबाद में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद सभी को घर भेज दिया गया। सभी की हालत खतरे से बाहर है।
पहला विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय बैरागीपुर में बाउंड्रीवाल के बाहर जेट्रोफा का पौधा लगा हुआ है। स्कूल में छुट्टी के बाद शिक्षक घर चले गए थे।
इसके बाद कुछ बच्चे वहीं पर खेलते हुए जेट्रोफा का फल खा लिया। इसके बाद वह घर चले गए। करीब तीन घंटे बाद कुछ बच्चों को उल्टी-दस्त शुरू हो गए।
धीरे-धीरे सभी बच्चे बीमार हो गए। इससे घबराए परिवारीजनों ने बच्चों से पूछा तो पता चला कि सभी ने जेट्रोफा खाया है।
इस पर एंबुलेंस की मदद से राधा (4) पुत्री कमलेश, शिवदेवी (5) पुत्री राम सागर, अंजली (7) पुत्री अवधराम, प्रियांशी (4) पुत्री प्रमोद, राधा (5) पुत्री रामसागर, करण कुमार (7) पुत्र राम इकबाल, धीरज (10) पुत्र सियाराम, नंदिनी (6) पुत्री दिनेश, शिवा (8) पुत्र सहजराम, शिल्पी (10) पुत्री महेश को पहला सीएचसी पर भर्ती कराया गया है।
जबकि सुमित (9) पुत्र इंद्रेश, आदित्य (6) पुत्र इंद्रेश, रिंकू (9) पुत्र वंश गोपाल को सीएचसी महमूदाबाद भर्ती कराया गया, जहां पर कुछ देर इलाज के बाद सभी बच्चों की हालत में कुछ सुधार दिखा।
हालत खतरे से बाहर देख डॉक्टरों ने सभी को घर भेज दिया। घटना के बाद शिक्षक जागे और परिसर के बाहर लगे जेट्रोफा के पौधे कटवाया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. समीर वर्मा का कहना है बच्चों ने जेट्रोफा का फल खा लिया था। प्राथमिक इलाज के बाद अब सभी की हालत सामान्य है।