1352 शिकायतें आईं, निपटीं 53 सिर्फ
सीतापुर। जिले की सात तहसीलों में मंगलवार को हुए संपूर्ण समाधान दिवस में 1352 लोगों ने अफसरों को अपनी समस्याएं बताईं और उन्हें विभिन्न मसलों से संबंधित शिकायती पत्र भी दिए। मौके पर 53 मामले निपटाए गए।
डीएम और एसपी ने बिसवां तहसील में 378 लोगों की समस्याओं को सुना। उनके द्वारा 17 शिकायतें मौके पर निस्तारित की गईं। बाद में डीएम ने अफसरों को संपूर्ण समाधान दिवस की शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि उनके समाधान में गुणवत्ता व पारदर्शिता का विशेष ख्याल रखा जाए।
बिसवां तहसील में जिलाधिकारी डॉ. सारिका मोहन ने संपूर्ण समाधान दिवस में 378 लोगों की समस्याएं सुनीं। 17 का निस्तारण किया। शेष मामले संबंधित विभागों को सुपुर्द कर उन्हें एक हफ्ते में निपटाने के निर्देश दिए।
सदर तहसील में एसडीएम प्रभाकांत अवस्थी ने 217 लोगों की समस्याओं को सुना। उनके द्वारा आठ मामले निपटाए गए। लहरपुर में एसडीएम रति भान ने 151 लोगों की समस्याएं सुनीं। दो शिकायतें मौके पर निस्तारित की गईं।
महोली में एसडीएम बृजपाल सिंह ने 94 लोगों की समस्याएं सुनीं। मौके पर सात मामलों का समाधान किया गया। महमूदाबाद में एसडीएम अतुल प्रकाश श्रीवास्तव ने 104 लोगों की समस्याएं सुनीं। मौके पर दस शिकायतें निस्तारित की गईं।
मिश्रिख में एसडीएम प्रेम शंकर ने 193 लोगों की समस्याओं को सुना। मौके पर तीन मामले निस्तारित किए गए। सिधौली में एसडीएम रतिराम ने 215 लोगों की समस्याएं सुनीं। मौके पर छह शिकायती मामले निस्तारित किए गए।