सीतापुर। तहसील सदर में नामांकन प्रक्रिया के छठे दिन मंगलवार को सर्वाधिक 17 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। भाजपा और सपा के दो-दो, आप व कांग्रेस के एक-एक उम्मीदवार सहित अन्य दलों के साथ ही निर्दलीयों ने नामांकन किया। सभी अपने प्रस्तावकों के साथ नामांकन स्थल पहुंचे। शांतिपूर्ण नामांकन प्रक्रिया के लिए परिसर में सुरक्षा बल तैनात रहा। तहसील के मुख्य गेट पर प्रवेश के समय थर्मल स्कैनर से जांच के बाद अंदर जाने की अनुमति दी गई।
जिले की नौ विधानसभा सीटों पर 23 फरवरी को मतदान होगा। इसके लिए 27 जनवरी से तहसील सदर के दो भवनों के नौ कक्षों में नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ की गई। तीन फरवरी तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं। नामांकन के छठे दिन मंगलवार को भाजपा और सपा सहित 17 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।
विधानसभा महोली से आम आदमी पार्टी की ओर से दीप्ती वर्मा ने आरओ एसडीएम महोली पूनम भाष्कर के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। रामकुमार मिश्रा ने प्रजाशक्ति समदर्शी पार्टी से पर्चा भरा। अजय वर्मा ने भारतीय जनक्रांती दल के प्रत्याशी के रूप में प्रस्तावकों के साथ नामांकन किया।
सदर विधानसभा क्षेत्र से ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट की ओर से बाबू राम ने पर्चा दाखिल किया। सत्येंद्र कुमार ने भारतीय सुभाष सेना से नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। हरगांव विधानसभा से अम्बेडकर समाज पार्टी के खुशीराम चौधरी ने नामांकन दाखिल किया। विधानसभा लहरपुर से इंडियन नेशनल कांग्रेस की प्रत्याशी अनुपमा द्विवेदी ने आरओ एसडीएम लहरपुर के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।
अतुल वर्मा ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन भरा। बिसवां विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के निर्मल वर्मा ने आरओ एसडीएम बिसवां अनुपम मिश्रा के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रजाशक्ति समदर्शी पार्टी से रामलखन गौतम, निर्दलीय नत्थाराम ने पर्चा भरा। इसी प्रकार सेवता विधानसभा से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी महेंद्र कुमार सिंह झीन बाबू ने प्रस्तावकों के साथ नामांकन किया। यहीं से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी की पत्नी अंजू तिवारी ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया।
महमूदाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी आशा मौर्य ने पर्चा दाखिल किया। सिधौली विधानसभा सपा प्रत्याशी डॉ. हरगोविंद भार्गव और आवामी समता पार्टी से महेंद्र कुमार ने पर्चा दाखिल किया। मिश्रिख विधानसभा से बहुजन मुक्ति पार्टी के संतोष कुमार ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। इस दरम्यान तहसील परिसर के अंदर और बाहर पुलिस बल तैनात रहा।
तीन प्रत्याशियों ने अतिरिक्त सेट में दाखिल किया नामांकन
छठे दिन सपा के एक और बसपा के दो प्रत्याशियों ने अतिरिक्त सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। महोली विधानसभा से सपा प्रत्याशी अनूप गुप्ता ने आरओ के समक्ष नामांकन का तीसरा सेट दाखिल किया। विधानसभा लहरपुर से बहुजन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मो. जुनैद अंसारी और विधानसभा बिसवां से इसी पार्टी के उम्मीदवार हासिम अली ने अतिरिक्त सेट में नामांकन किया।
अब तक दाखिल हुए 36 नामांकन पत्र
तहसील सदर के दो भवनों के विभिन्न कक्षों में नामांकन दाखिल किए जा रहे हैं। पहले दिन केवल नामांकन पत्र प्रत्याशियों द्वारा प्राप्त किए गए थे। इस दिन किसी भी उम्मीदवार ने पर्चा नहीं दाखिल किया था। दूसरे दिन विभिन्न दलों सहित निर्दलीयों ने छह नामांकन पत्र दाखिल किए थे। तीसरे दिन शनिवार को मात्र चार प्रत्याशियों द्वारा पर्चा भरा। चौथे दिन रविवार के कारण अवकाश रहा। पांचवें दिन सोमवार को नौ नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। छठे दिन सर्वाधिक 17 नामांकन पत्र भरे गए।
पर्चा दाखिल करने को लिए नामांकन पत्र
अभी तक जिन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए हैं। उनके ओर से मंगलवार को भी संबंधित विधानसभा क्षेत्र से नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए। हरगांव विधानसभा से आप की ओर से संदीप कुमार व निर्दलीय किरन वर्मा ने नामांकन पत्र लिया। मिश्रिख विधानसभा से सुंदरलाल व सुनीता ने, महमूदाबाद से मायाराम और रघुनंदन, लहरपुर से भारतीय सर्वधर्म पार्टी के जय सिंह ने, महोली से साकेत मिश्रा के लिए तत्पर मिश्रा ने नामांकन लिया।
यहीं से नीरज कुमार, महेंद्र वर्मा, गया प्रसाद मिश्रा के लिए चंद्र प्रकाश मिश्रा, नफीस, सदर विधान सभा से राकेश कुमार, चंद्रसेन, सेवता से शांती देवी, बिसवां से निपेंद्र त्रिपाठी, दिनेश चंद्र शुक्ला, इंद्रेश प्रताप सिंह, रामलखन गौतम, प्रवीन कुमार, सिधौली से कन्हैया लाल, दयाराम, सावित्री ने नामांकन पत्र प्राप्त किया।