फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश व ओलावृष्टि के बीच फिर गिरी बिजली, बालिका समेत पांच की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
लगातार दूसरे दिन बारिश व ओलावृष्टि से किसान बेचैन
विज्ञापन

सीतापुर। जिले में बारिश व ओलावृष्टि के दौरान शुक्रवार को फिर बिजली गिरने से एक बालिका समेत पांच लोगों की मौत हो गई। दो मवेशी भी मर गए। लगातार दूसरे दिन बेमौसम बारिश ने किसानों के माथे पर बल डाल दिए हैं। काले बादल घिरने से दिन में कई बार अंधेरा छा गया। जिससे वाहन चालकों को हेडलाइट जलानी पड़ गई। मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को सिहरन का अहसास भी कराया।

मौसम के मिजाज में शुक्रवार को भी सुधार नहीं आया। सुबह से ही छाए घने बादलों व तेज हवा के बीच बारिश का दौर शुरू हो गया। दोपहर बाद तेज बारिश व ओलावृष्टि के दौरान जिले के कई स्थानों पर गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरी। कमलापुर क्षेत्र के कसमंडा में रहने वाली सावित्री (21) पत्नी मुन्ना घर में कामकाज निपटा रही थी।
विज्ञापन


शुक्रवार की सुबह बिजली गिरने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मिश्रिख क्षेत्र के खुर्शीदाबाद मजरा अकबरपुर में मुंशीलाल की बेटी रोहिणी (18) शुक्रवार दोपहर घर में बैठी थी। बिजली गिरने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि मराड़ी मजरा औरंगाबाद निवासी सहदेव की पुत्री निधि (6) घर के बाहर बरामदे में बैठी थी कि अचानक तेज आवाज के साथ बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई।

इसी क्रम में खैराबाद के भवानीपुर में रहने वाली लक्ष्मी (13) पुत्री अमर सिंह सुबह साढ़े दस बजे गन्ना कटाई चलने से खेत जा रही थी। इसी दौरान बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रामपुर मथुरा क्षेत्र के सिरकुंडा निवासी जाहिद अली (18) पुत्र आशिक अली दोपहर बाद शौच के लिए खेत गया था।

वहां बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। इसी क्षेत्र के गौरा निवासी रामपाल के घर के बाहर बंधे एक भैंसा तथा रेउसा क्षेत्र के बनियनपुरवा निवासी मूलचंद की गाय पर बिजली गिरने से मौत हो गई। अफसरों ने पीड़ितों को मुआवजा दिलाए जाने की बात कही है। बदली व बारिश का सिलसिला रुक-रुककर दिन भर चलता रहा। लगातार दूसरे दिन बारिश व ओलावृष्टि ने किसानों को बेचैन कर दिया है।

सरसों, आलू व सब्जियों को नुकसान
बारिश के साथ ओलावृष्टि से सबसे अधिक नुकसान सरसों, आलू व अन्य सब्जियों की फसलों को हुआ है। जबकि गेहूं व गन्ने के लिए बारिश फायदेमंद है। जिले में सरसों, आलू व अन्य सब्जियों की फसल का 20 से 25 फीसदी नुकसान का अनुमान है।

किसान विजय कुमार, कल्लू व राम सहारे चिंतित होते हुए कहते हैं कि अगर मौसम जल्द ही साफ नहीं हुआ तो सारी मेहनत बेकार हो जाएगी। बेमौसम बरसात ने किसानों को परेशानी में डाल दिया है।
विज्ञापन


थाने व बैंक में फुंके उपकरण
रामपुर मथुरा (सीतापुर)। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे अचानक तेज आवाज के साथ बिजली गिरने से थाना रामपुर मथुरा में जनरेटर का पैनल, कम्प्यूटर का सीपीयू, इनवर्टर आदि उपकरण फुंक गए। वहीं, इलाहाबाद बैंक शाखा गोंडा देवरिया में बिजली गिरने से मोडम फुंकने से सर्वर में खराबी आ गई। जिससे बैंक का कामकाज ठप हो गया। तकनीकी सहायक ने पहुंचकर मरम्मत शुरू कर दी थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें