जिला योजना में दिखेगी स्वच्छता व खेती किसानी की झलक
प्रभारी मंत्री आज विकास मसौदे पर लगाएंगी मुहर
5.45 अरब की परियोजनाओं का खींचा खाका
1.36 करोड़ रुपये से अधिक बजट की बनी परियोजनाएं
सीतापुर। जनपद का चहुमुंखी विकास होगा। ड्रेनेज सिस्टम विकसित होगा। पेयजल और स्वास्थ्य सेवाएं भी बेहतर बनेंगी। इन्हीं सब सहूलियतों को देने के लिए विकास महकमे ने चालू बजट साल में 5.45 अरब से ज्यादा की परियोजनाओं का खाका खींचा है। पिछले साल की तुलना में इस बार के बजट में 1. 36 करोड़ रुपये अधिक हैं। खास बात तो यह है कि इस बार जिला योजना के बजट में गांवों की स्वच्छता, शुद्ध पेयजल और खेती-किसानी की झलक दिखेगी। रविवार को प्रदेश सरकार के महिला, शिशु कल्याण मंत्री, जिला प्रभारी मंत्री प्रोफेसर रीता बहुगुणा जोशी न सिर्फ विकास कार्यों के मसौदे पर गुफ्तगू करेंगी, बल्कि चालू बजट साल की 5.45 अरब रुपये से अधिक बजट पर मुहर भी लगाएंगी।
पिछले बजट साल यानी 2016-17 में विकास विभाग ने 5 अरब 44 करोड़ 31 लाख के विकास कार्यों का बजट बनाया था। इस बजट शहरी-गंवई दोनों इलाकों का चहुंमुखी विकास पर व्यय किया जाना था पर इसके सापेक्ष महज एक अरब 40 करोड़ 64 लाख रुपये अवमुक्त किए थे, जिसे खर्च किया था। इस बार वर्ष 2017-18 में सड़क, पानी, स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा समेत अन्य परियोजनाओं के लिए पांच अरब 45 करोड़ 67 लाख का बजट प्रावधान किया है। गत वर्ष की तुलना में अबकी बार 1 करोड़ 36 लाख की अधिक की विकास परियोजनाएं तैयार की गई हैं। जानकारों की मानें तो इस बार जिला योजना के बजट में प्राइमरी शिक्षा, ग्रामीण स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य, कृषि एवं पर्यटन की साफ झलक दिखाई देगी, क्योंकि अबकी दफा इन परियोजनाओं में भारी-भरकम बजट का प्रावधान किया गया है। डीएम डॉ. सारिका मोहन ने बताया कि रविवार को प्रदेश सरकार की महिला, शिशु कल्याण मंत्री, सीतापुर प्रभारी मंत्री प्रोफेसर रीता बहुगुणा जोशी जिला योजना समिति की बैठक में विकास कार्यों के मसलों पर चर्चा करेंगे और विकास विभाग द्वारा तैयार 5.45 अरब के विकास मसौदे पर अपनी मुहर लगाएंगी। बैठक में सांसद राजेश वर्मा, धौरहरा सांसद रेखा वर्मा, मिश्रिख सांसद अंजू बाला, मोहनलाल गंज सांसद कौशल किशोर, सदर विधायक राकेश राठौर, सेवता ज्ञान तिवारी, मिश्रिख राम कृष्ण, महोली शशांक त्रिवेदी, लहरपुर सुनील वर्मा, हरगांव सुरेश राही, बिसवां महेंद्र सिंह यादव, महमूदाबाद नरेंद्र सिंह वर्मा, सिधौली डॉ. हरगोविंद भार्गव शामिल होंगे।
.........
इन्हें भारी-भरकम बजट मिलने की उम्मीद
गांवों के विकास के लिए तैयार की गई जिला योजना के बजट में दर्जनों योजनाओं की धनराशि में इजाफा हो सकता है। जिन परियोजनाओं के बजट में वृद्धि की संभावनाएं हैं, उनमें सड़क व पुल, महिला एवं बाल विकास, शिल्पकार प्रशिक्षण, प्राथमिक शिक्षा, पर्यटन, कृषि, गन्ना, ग्रामीण स्वच्छता, ग्रामीण पेयजल, होम्योपैथिक, एलोपैथिक, सामान्य जाति कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, माध्यमिक शिक्षा विभाग आदि परियोजनाएं शामिल हैं।
बाक्स
इन परियोजनाओं के बजट पर चलेगी आरी
जिला योजना के बजट में इस बार कटौती होने की संभावनाएं हैं। जिन परियोजनाओं के बजट में कटौती की जा सकती हैं, उनमें नगरीय पेयजल, अनुसूचित जाति कल्याण, प्रादेशिक विकास दल, परिवार कल्याण समेत अन्य विभाग शामिल हैं।