महमूदाबाद (सीतापुर)। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को दुकानों में छापामार अभियान चलाया। महमूदाबाद में एक व पैतेपुर से तेल और घी के नमूने लिए। बिना लाइसेंस संचालित मीट शॉप को बंद करने के निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी अमित भट्ट ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीके शर्मा के साथ महमूदाबाद व पैतेपुर क्षेत्र की दुकानों पर छापेमारी की।
महमूदाबाद में मिठाई विक्रेता जयप्रकाश की दुकान पर छेने की गुणवत्ता खराब मिली, जिसको नष्ट कराया गया। वहां से नमूने लिए गए।
चिकमंडी पर चल रही ए-वन मीट शॉप बिना लाइसेंस पाई गई, जिसको तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए। वहीं, हाशमी बिरयानी को भी गंदगी के कारण नोटिस जारी किया गया।
पैतेपुर में अरूण कुमार की दुकान से वनस्पति घी व तेल के नमूने भरे गए। एसडीएम ने बताया कि नमूने की जांच के बाद संबंधित व्यापारियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।