बैंक से रुपये निकाल जा रहे व्यक्ति को एसपी ऑफिस के करीब बनाया शिकार
सीतापुर। शहर की स्टेट बैंक से रकम निकालकर घर जा रहे व्यक्ति के झोले से उचक्के ने दिनदहाड़े व्यस्ततम मार्ग पर 50 हजार रुपये पार कर दिए। एक मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शहर की गुप्ता कालोनी तरीनपुर में रहने वाले राधेश्याम गुप्ता की बेटी की शादी 8 जून को है। शादी को लेकर परिवार तैयारियों में लगा हुआ है। मंगलवार को राधेश्याम आंख अस्पताल मार्ग स्थित स्टेट बैंक रुपये निकालने आए थे।
बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर झोले में रखने के बाद वह पैदल ही लालबाग की तरफ चल दिए। एसपी ऑफिस के करीब भंडारा लगा होने से भीड़भाड़ में फंसकर राधेश्याम कुछ देर के लिए ठिठक गए। इसी बीच एक उचक्के ने उनके झोले को ब्लेड से काट कर रकम पार कर दी।
उचक्के की इस हरकत का उन्हें आभास तक नही हुआ। चंद कदम आगे चलने पर जब उनकी निगाह झोले पर गई तो वह हैरान रह गए। यह सारी घटना एक माल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शहर कोतवाल अंबर सिंह ने बताया तहरीर मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।