सीतापुर। मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एक की मौत हो गई। उधर, खैराबाद थाना क्षेत्र में घायल होमगार्ड ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मेला मैदान तरीनपुर निवासी शहंशाह (25) सब्जी का कारोबार करता था। शनिवार की शाम वह अपने मित्र प्रधान के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में सीतापुर-हरदोई मार्ग पर मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में अटवा के निकट बस ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार दोनों युवक जख्मी हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने प्रधान को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। शहंशाह ने रविवार की सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उधर, खैराबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर महेशपुर गांव निवासी राम प्रसाद (55) होमगार्ड था। 14 जून को वह मछरेहटा चुंगी के निकट ड्यूटी दे रहा था। इसी बीच एक बस ने रामप्रसाद को टक्कर मार दी था, जिससे वह घायल हो गया था। लखनऊ में इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई थी। इधर, शनिवार देर रात राम प्रसाद ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।