सीतापुर जिले के थाना अटरिया इलाके में शनिवार रात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने पूर्व जिला पंचायत सदस्य के घर को निशाना बनाते हुए उनकी पत्नी को असलहे के दम पर बंधक बनाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने नकदी समेत करीब 15 लाख का माल पार कर दिया। रविवार सुबह सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के धरावागढ़ी निवासी राजेंद्र सिंह इसी क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। उनके तीन बेटे हैं जो लखनऊ में बने मकान में रहते हैं। राजेंद्र अपनी पत्नी शीला सिंह के साथ गांव में बने मकान में रहते हैं। शनिवार रात बदमाशों ने इनके मकान पर धावा बोल दिया। घर के पीछे की ओर से बदमाशों ने प्रवेश किया और कमरे में सो रही उनकी पत्नी शीला सिंह को असलहे के बल पर बंधक बना लिया।
ये भी पढ़ें - UP में अब बिजली देगी 'झटका': गर्मी के लिए 11 रुपये यूनिट बिजली खरीदने की तैयारी, उपभोक्ताओं पर पड़ेगा इसका असर
ये भी पढ़ें - महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने बुलाने वालों पर होगी कार्रवाई, बेवजह गिरफ्तारी की भी मनाही
इस दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने उनको पीट भी दिया। राजेंद्र सिंह घर के बाहर बरामदे में सोए हुए थे इसलिए उन्हें घटना की जानकारी नहीं हो सकी। बदमाशों ने अलमारी का ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवरात, करीब तीन लाख रुपए नगद, बर्तन और कपड़े समेत करीब 15 लाख रुपए का माल पार कर दिया।
एक घंटे तक बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर रखा घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए पीड़ित महिला ने बताया कि तीन बदमाशों ने उस को बंधक बनाया था जिसके बाद वह एक बाइक पर सवार होकर भाग गए।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया और जांच पड़ताल करनी शुरु कर दी। जांच में पाया गया की बाइक के पहियों के निशान कुछ दूरी तक पाए गए हैं और घर से कुछ दूरी पर ही खाली बक्से भी पड़े पाए गए हैं।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सीओ सिधौली यादवेंद्र यादव ने बताया की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।