एक लगाई फांसी तो दूसरे ने खाया जहरीला पदार्थ
पिसावां/मिश्रिख (सीतापुर)। पिसावां थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव गांव के बाहर एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि खाने की बात को लेकर युवक इस कदर नाराज हुआ कि उसने आत्महत्या कर ली। जबकि मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी है।
पिसावां थाना क्षेत्र के ग्राम भकुरा निवासी राधे के घर करीब 7 वर्ष पूर्व एक बालक आ गया था। जिसको राधे ने पालापोसा था। उसका नाम विकास रखा गया था। इन दिनों विकास की उम्र करीब 18 वर्ष थी। बताते हैं कि बुधवार की शाम खाना खाते समय विकास ने खाने में नमक कम होने की बात कही।
इस पर राधे की पत्नी ने विकास को फटकार लगा दी। युवक को फटकार इस कदर नागवार गुजरी कि वह घर से चला गया। रात भर जब वह वापस नहीं आया तब राधे ने पिसावा थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई। गुरुवार को राधे व गांव के अन्य लोग युवक की तलाश में निकल पड़े।
इसी दौरान गांव के बाहर चिलवल के पेड़ पर लोगों ने विकास का शव लटका देखा। उसके गले में रस्सी का फंदा फंसा हुआ था। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उधर, मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पतौंजा निवासी संदीप (18) को परिवारीजनों ने बेकार घूमने और काम ना करने को लेकर फटकार लगा दी।
इस बात को लेकर संदीप इस कदर नाराज हुआ कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसकी वजह से कुछ देर बाद ही उसकी हालत बिगड़ गई। परिवारीजन उसको लेकर जिला अस्पताल भागे लेकिन युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।