काली घटाएं छाई रहने से मौसम खुशगवार
सीतापुर। जिले में गुरुवार को काले बादलों ने खूब लुभाया लेकिन बिना बरसे ही लौट गए। हालांकि, बादलों के छाने और मंद-मंद बहने वाली बयार से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। वहीं, तापमान में गिरावट आई है। मौसम खुशगवार रहने से दिन में शहर में चहलपहल नजर आई।
दिन का पारा 32 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आए बदलाव से मिली राहत के बाद भी बारिश न होने पर लोगों को एक बार फिर मायूस होना पड़ा। पिछले कई दिनों से बादल आते हैं लेकिन दगा दे जाते हैं। गुरुवार को भी सुबह से ही आसमान में काली घटाएं छा गईं।
जिले के कई हिस्सों में बीच-बीच में बौछारें पड़ने को बारिश का आगाज मानकर लोग खुश हुए। लेकिन उम्मीद के मुताबिक बारिश न होने पर यह खुशी ज्यादा देर कायम नही रह सकी। हालांकि बादलों की वजह से सूरज के दर्शन नही हुए। बादल घिरे रहने से दिनभर मौसम सुहाना बना रहा जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
तापमान में भी गिरावट हुई। मौसम खुशनुमा होने से बाजारों में काफी रौनक रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता 82 प्रतिशत रही। अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही अंदाज बना रह सकता है। इसी बीच किसी भी समय झमाझम बारिश भी हो सकती है।