सीतापुर। आगामी 25 नवंबर को अयोध्या में धर्मसभा होगी। इसे लेकर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अनुषांगिक संगठनों ने समन्वय बैठक कर राय मशविरा किया। साथ ही रणनीति तैयार कर सीतापुर जिले से दस हजार राम भक्तों को अयोध्या पहुंचने का लक्ष्य रखा।
शहर के आरएसएस कार्यालय पर आयोजित बैठक में आरएसएस के अलावा विश्व हिंदू परिषद, विद्यार्थी परिषद, अधिवक्ता परिषद, किसान संघ, मजदूर संघ, विद्याभारती, सेवाभारती, सक्षम संगठन, सीमा जागरण मंच, संस्कार भारती, संस्कृत भारती, भाजपा के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में विभाग कार्यवाह विष्णु दत्त दीक्षित ने कहा कि 25 नवंबर को अयोध्या में प्रस्तावित धर्म सभा में सीतापुर जिले से अधिक से अधिक संख्या में लोग पहुंचें। उन्होंने कहा कि धर्म सभा के माध्यम से राम मंदिर पर अब शीघ्र ही निर्णय आएगा।
विभाग प्रचारक रामय ने कहा कि हिंदू समाज का पिछले 500 वर्षों से अपनी अस्मिता और शुचिता के लिए संघर्ष करने का इतिहास रहा है, जिसमें हिंदू समाज अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए सदा संघर्षशील रहा है।
इस मौके पर विभाग संघ चालक डॉ. हरिपाल सिंह, सह विभाग संघ चालक राजेंद्र कटियार, प्रांत शारीरिक प्रमुख प्रशांत शुक्ला, जिला संघ चालक उमाकांत, सह जिला संघचालक राकेश सेठ, जिला कार्यवाह कृष्ण कुमार, विश्व हिंदू परिषद के कार्याध्यक्ष विपुल सिंह आदि मौजूद रहे।