फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: सेना की जमीन पर रोपे 12.5 हजार पौधे

Thu, 10 Jul 2025 12:21 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
सेना की जमीन पर कारागार मंत्री सुरेश राही, प्रमुख सचिव पी गुरु प्रसाद, डीएम अभिषेक आनंद व अन्य
विज्ञापन
सीतापुर। एक पेड़ मां के नाम थीम को लेकर जिले भर में अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। अभियान का मुख्य कार्यक्रम पीटीसी स्थित सेना की जमीन पर हुआ। यहां पांच हेक्टेयर जमीन पर 12.5 हजार पौधे लगाए गए।
विज्ञापन


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कारागार राज्य मंत्री तथा जिले के नोडल मंत्री सुरेश राही ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम थीम पर आधारित यह कार्यक्रम न केवल पौधरोपण अभियान है बल्कि यह हरित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना, पर्यावरणीय जागरूकता, सामाजिक भागीदारी और सांस्कृतिक पुनरुत्थान की एक संयुक्त यात्रा है जिसमें सीतापुर अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

मुख्य अतिथि के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिले के नोडल अधिकारी व राजस्व एवं आवास विभाग प्रमुख सचिव पी गुरु प्रसाद, डीएम अभिषेक आनंद, डीएफओ नवीन खंडेलवाल, सीडीओ निधि बंसल, 11वीं वाहिनी पीएसी कमांडेंट रवि कुमार तथा द्वितीय पीएसी के कमांडेंट संतोष मीणा ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए।
विज्ञापन


कार्यक्रम में वन विभाग, राजस्व, पुलिस, शिक्षा व अन्य विभागोें के अधिकारियों व कर्मचारियों सहित 22वीं एनसीसी बटालियन के 50 कैडेट्स, 11वीं पीएसी बटालियन के 500 पुलिस प्रशिक्षुओं ने सामूहिक रूप से पौधरोपण किया।

गौरतलब है कि जिले को 76 लाख 82 हजार 700 पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वन विभाग द्वारा 20 लाख आठ हजार 183 पौधे तथा अन्य विभागों द्वारा 56 लाख 77 हजार 700 पौधे बुधवार को रोपित किए जाने थे।

इसके लिए वन विभाग की 31 नर्सरियों में एक करोड़ चार लाख 44 हजार 835 पौधे उपलब्ध होने की बात विभाग द्वारा कही गई है। लक्ष्य के तहत जिले की प्रमुख नदियों सरायन और गोमती के किनारे पौधरोपण किया गया। सरायन नदी के किनारे पांच किलोमीटर क्षेत्र में 1.21 पौधे तथा गोमती नदी के किनारे 37 हजार 500 पौधे रोपित किए जाने हैं।


गांजर इलाके की बिसवां रेंज के अंतर्गत ब्लॉक रेउसा की ग्राम पंचायत परसिया में मुख्य अतिथि सेवता विधायक ज्ञान तिवारी ने हरिशंकरी पौधा रोपित किया। उन्होंने वन जन समुदाय से पौधों की देखभाल करने का आह्वान किया।

रेंजर बिसवां कमाल अहमद सिद्दीकी ने बताया कि इलाके की 113 हेक्टेयर जमीन पर 1.80 लाख पौधे लगाए गए। डिप्टी रेंजर आदित्य सिंह चौहान, थानाध्यक्ष थानगांव अतुल शुक्ला, प्रधान क्रांति देवी आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें