सीतापुर। डीएम के आदेश पर जिले भर में 69 खाद दुकानों पर आकस्मिक छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में एक दुकान को सील किया गया जबकि पांच दुकानें निलंबित की गईं। इसके अलावा 17 खाद के संदिग्ध नमूने लिए गए।
जिला कृषि अधिकारी अखिलानंद पाण्डेय ने बताया कि डीएम शीतल वर्मा के आदेश पर जिले भर में खाद की दुकानों की आकस्मिक जांच की गई। इसके लिए प्रशासनिक अफसरों के साथ ही कृषि विभाग के अफसरों की टीम ने दुकानों की जांच की।
विभिन्न तहसीलों में संचालित हो रहीं 69 दुकानों, प्रतिष्ठानों, कम्पनी के बफर गोदामों आदि पर छापे डाले गए। इसमें 17 संदिग्ध उर्वरकों के नमूने लिए गए। पांच दुकानों को निलम्बित किया गया। एक दुकान सील की गई। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में कंपनी द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री न किया जाए।
किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद उपलब्ध कराया जाए। किसी भी स्तर पर मिलावट, नकली, अपमिश्रण युक्त रासायानिक खाद किसी भी विक्रेता द्वारा किया जा रहा है तथा पीओएस मशीन का संचालन नहीं किया जा रहा है तो उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाए।
इन दुकानों पर की गई कार्रवाई
ब्लॉक लहरपुर के फिजा खाद भंडार बस्ती पुरवा, इसी ब्लॉक की हिन्दुस्तान खाद भंडार रंगवा रौसीपुर, परसेंडी की भागीदारी एग्री बिजनेस सेंटर कसरैला चौराहा, ब्लॉक हरगांव की यादव खाद भंडार एवं आयुष कृषि सेवा केन्द्र लरहपुर रोड हरगांव को निलम्बित किया गया है।