उपचुनाव में जिले में रिक्त पड़े दोनों पदों पर भाजपा का कब्जा
सीतापुर। जिले में ब्लॉक प्रमुख के दो रिक्त पदों पर हुए उपचुनाव में भाजपा का कब्जा रहा। दोनों जगह पहले सपा के प्रमुख थे। एलिया ब्लॉक में हुए कड़े मुकाबले में रूमी सिंह ने सात मतों से विजय हासिल की। जबकि पहला ब्लॉक में रामलाल निर्विरोध प्रमुख निर्वाचित हुए।
विकासखंड एलिया के बहुचर्चित ब्लॉक प्रमुख पद का उप चुनाव शनिवार संपन्न हुआ। बताते चलें कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनोद यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आने के बाद यह पद रिक्त हो गया था। इस पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी रूमी सिंह पत्नी अमरेन्द्र सिंह व शुभा सिंह पत्नी राजेश सिंह के मध्य कड़ा मुकाबला रहा।
शनिवार को सुबह 11 बजे ब्लॉक मुख्यालय पर मतदान शुरु हुआ। कुल 95 बीडीसी सदस्य थे जिसमें 94 मत पड़े। जिसमें रूमी सिंह को 52 मत मिले, 35 मत शुभा सिंह को प्राप्त हुए। सात मत अवैध पाए गए। इस प्रकार सात मतों से रूमी सिंह को विजयी घोषित किया गया।
चुनाव अधिकारी दिनेश पाल के द्वारा चुनाव संपन्न कराया गया। गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए सीओ सिटी योगेन्द्र सिंह, थानाध्यक्ष रामकोट राजेन्द्र शर्मा, थानाध्यक्ष मछरेहटा संजीव कुमार, थानाध्यक्ष हरगांव अनिल कुमार पांडेय व पीएसी की एक कंपनी मौजूद रही।
मुख्य बाजार व विकासखंड की ओर जाने वाले मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। वहीं दूसरी ओर पहला ब्लॉक में प्रमुख पद के लिए एक ही नामांकन होने के कारण रामलाल यादव निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित घोषित किए गए है। दोनों निर्वाचित प्रमुखों को प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया गया है।