पिसावां-हरदोई के बीच चलेंगी 22 प्राइवेट बसें
क्षेत्रीय विधायक ने फीता काटकर किया लोकार्पण
आईटीआई अस्पताल ब्लॉक व बाल विकास परियोजना कार्यालय का किया निरीक्षण
पिसावां (सीतापुर)। पिसावां-हरदोई रूट पर 22 प्राइवेट बसें चलेंगी। शुक्रवार को महोली विधायक शशांक त्रिवेदी ने राष्ट्रीय माध्यमिक विद्यालय परिसर से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विधायक ने कहा कि प्राइवेट बसों का परमिट चडरा से हरदोई का है। इस वजह से बसों का संचालन वही से होना चाहिए। विधायक ने कहा अवैध रूप से चल रहे डग्गामार वाहनों से लोगों को काफी परेशानी हो रही थी, इसे देखते हुए बसों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में अवैध कब्जे व अवैध काम बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बाद में त्रिवेदी ने बस में बैठकर आईटीआई तक सफर भी किया। इस दौरान उन्होंने आईटीआई का निरीक्षण किया। मुआयने में शिक्षक एमपी मिश्रा से जानकारी ली तथा फोन के माध्यम से आईटीआई के प्रिंसिपल सतनाम सिंह को फोन कर दूसरी जगह स्थानांतरण कराने या ठीक से आईटीआई संचालन करने की बात कही। बाद में विधायक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच कर रजिस्टर देखा और अधीक्षक की जानकारी ली।विधायक ने परिसर में पौधरोपण भी किया। खंड विकास अधिकारी कार्यालय, बाल विकास परियोजना कार्यालय का भी मुआयना किया।