पिसावां (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में 12 लोग जख्मी हो गए। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
शुक्रवार को हरदोई से यात्री लेकर एक प्राइवेट बस पिसावां आ रही थी। इलाके के भकुरहा पुल के निकट बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। बस में करीब 40 लोग सवार थे इनमें से 12 लोग जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कलीम (40), परवीन (30), अरमान (16), जन्नतुन (6), रहमतुम (4) को सीएचसी में भर्ती कराया।
इसके अलावा अन्य सात घायलों ने निजी अस्पतालों में अपना इलाज कराया। सीएचसी में परवीन की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसओ अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि बस चालक फरार है। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।