जंगली जानवर ने बच्ची पर किया हमला, जख्मी
सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में मंगलवार की शाम पिता के साथ खेत गई एक बच्ची पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर चरवाहों ने हमलावर जानवर को खदेड़कर बच्ची की जान बचाई। हमले से घायल बच्ची को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
उधर, देर शाम गांव में जंगली जानवर ने दो बकरियों को भी घायल किया है। ग्रामीणों के पहुंचने से वह बकरियों का शिकार नहीं कर सका। ग्रामीणों के मुताबिक हमला करने वाला सियार है। वन विभाग के अफसर जांच की बात कह रहे हैं।
कोतवाली क्षेत्र के गंधौली निवासी यासीन अपनी 6 वर्षीया बेटी महक को लेकर मंगलवार की सायं करीब 5:30 बजे खेत की ओर गया था। यासीन खेत में दवा का छिड़काव करने लगा। महक बाहर खेल रही थी। इसी बीच एक जंगली जानवर ने महक पर हमला कर दिया।
शोरगुल सुनकर उसका पिता व आसपास मौजूद चरवाहे पहुंचे और हमलावर जानवर को खदेड़कर बच्ची का जान बचाई। घायल बच्ची को सीएचसी ले जाया गया है। उधर, देर शाम करीब साढ़े सात बजे गंधौली के सुरेश की दो बकरियों पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया।
शोर सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने से हमलावर भाग गया। रेंजर सिधौली बीके आनंद ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। तत्काल टीम गांव भेजकर जांच कराई जाएगी। हमला किस जानवर ने किया जांच के बाद ही बताया जा सकता है।