बीडीओ के गुपचुप सर्वे में हुआ खुलासा, तत्काल शौचालय बनवाने के दिए निर्देश
सिधौली (सीतापुर)। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत केन्द्र सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान खुले में शौचमुक्त को लेकर प्रधान व पंचायत मित्र ही संजीदा नहीं है। लापरवाही का आलम यह कि विकास खंड में कई प्रधानों व पंचायत मित्रों के घर में ही अब तक शौचालय नही बन सका है।
बीडीओ ने आठ प्रधानों व चार पंचायत मित्रों को चिन्हित कर तत्काल अपने घरों में शौचालय बनवाने के निर्देश दिए हैं। शासन की ओर से 2 अक्तूबर तक जिले के गांवों को ओडीएफ बनाने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
जिले से लेकर तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के गांवों को ओडीएफ बनाने की कवायद में जुटे हुए हैं। इसके लिए अफसर जागरूकता फैलाने के लिए अलावा तरह-तरह के जतन कर रहे हैं। गरीबों को शासन से धनराशि भी उपलब्ध कराई जा रही है।
गांव को ओडीएफ बनाए जाने की मुहिम में ग्राम प्रधान और पंचायत मित्रों की भूमिका बेहद अहम है। लेकिन कई प्रधान व पंचायत मित्र तमाम निर्देशों के बावजूद लापरवाही बरत रहे हैं। आलम यह कि उन्होंने अपने ही घरों में अब तक शौचालय नहीं बनवाए हैं। बीडीओ ने गुपचुप ढंग से सर्वे किया तो चौंकाने वाले परिणाम सामने आए।
ब्लॉक की ग्राम पंचायत गनीपुर के प्रधान सुरेश कुमार, फि रोजपुर की प्रधान गुड्डी देवी, बहेरवा प्रधान हरिनाम सिंह, हुसैनगंज प्रधान जाकिर अली, धरांवा प्रधान दिनेश कुमार, अलईपुर प्रधान सुनील, रायपुर-कुवंरपुर प्रधान अजय तथा जुंधौरा की प्रधान रामप्यारी के अलावा गंधौली, मुरहाडीह, बासखेड़ा व पहाड़ापुर के पंचायत मित्रों के मकान शौचालय विहीन पाए गए हैं।
बीडीओ रचना गुप्ता ने बताया कि इन सभी को तत्काल अपने घरों में शौचालय बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द से जल्द शौचालय न बनवाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।