माध्यमिक के 11 कॉलेजों को जल्द ही अपना भवन मिलेगा। अभी तक ये स्कूल पड़ोस के जूनियर विद्यालयों में चल रहे हैं। अब इनके खुद के भवन होंगे। प्रत्येक कॉलेज भवन के निर्माण को 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इनके निर्माण को विभाग ने कार्यदायी संस्थाओं का चयन कर लिया है। जल्द ही भवन निर्माण की कवायद शुरू हो जाएगी।
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत शैक्षिक सत्र 2015-16 में शासन ने जिले में 11 कॉलेजों को मंजूर दी थी। यह कॉलेज जुलाई से निकटवर्ती जूनियर विद्यालयों में चल रहे हैं। यहां पर नौवीं कक्षा के विद्यार्थी यूपी बोर्ड के माध्यम से पढ़ रहे हैं लेकिन कॉलेजों का अपना भवन न होने से उन्हें काफी दिक्कतें हो रही हैं।
इस पर शासन ने कॉलेज के भवन निर्माण के लिए बजट जारी कर दिया है। प्रति भवन 20 लाख रुपये खर्च होंगे। विभाग ने पैकफेड व ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को इन स्कूलों के भवनों के निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी है। जल्द ही कार्यदायी संस्था को बजट रिलीज कर दिया जाएगा।
इन स्कूलों को मिलेगा भवन
एलिया- राजकीय हाईस्कूल विशुनपुर, बेहटा-राजकीय हाईस्कूल सलारपुर, राजकीय हाईस्कूल सिरकिड़ा, गोंदलामऊ राजकीय हाईस्कूल जुवापुरवा, महमूदाबाद-राजकीय हाईस्कूल लालपुर, सकरन-राजकीय हाईस्कूल पचदेवरा, सिधौली-राजकीय हाईस्कूल सरौरा, हरगांव-राजकीय हाईस्कूल वजीरनगर, पहला-राजकीय हाईस्कूल कबरा, रेउसा-राजकीय हाईस्कूल चौसा।
जल्द बनेंगे भवन
11 कॉलेजों के भवन बनाए जाएंगे। इसको लेकर कार्यदायी संस्था का चयन कर लिया गया है। जल्द ही भवन बनने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
राजा भानु प्रताप सिंह, डीआईओएस