कमलापुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक का शव संदिग्ध हालात में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है।
कमलापुर इलाके के गढ़ीहाट निवासी 40 वर्षीय शारदा सोमवार की शाम घर से निकला था। उसके बाद वापस घर नहीं पहुंचा। सुबह उसका शव संदिग्ध हालात में क्षेत्र के बसंतपुर गांव के करीब कल्लू खेत में एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला।
घटना के कारणों का पता नहीं चल सका, लेकिन लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि परिवार के लोगों ने अब तक हत्या से संबंधित कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर संजीत सोनकर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
हाइवे किनारे मिला युवती का शव
सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में गड़िया हसनपुर के निकट हाइवे किनारे एक कबाड़ दुकान के पास अज्ञात युवती का शव संदिग्ध हालात में मिला है। मृतका की उम्र करीब 40 साल आंकी जा रही है। उसने सलवार, कमीज पहन रखी थी।
कुछ लोगों का कहना है कि महिला की मौत सड़क हादसे से हुई है। पुलिस ने शव की पहचान का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।