कुतुबनगर (सीतापुर)। पिसावां थाना क्षेत्र के मोहम्मदनगर में रविवार को जमीन के एक छोटे से टुकड़े की खातिर सगे चाचा ने अपने भतीजे की भाला घोंपकर हत्या कर दी, जबकि हाथापाई के दौरान मृतक का पिता, चाची व चचेरा भाई जख्मी हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग निकला। मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी चाचा, उसकी पत्नी, बेटे व बेटी के खिलाफ पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
पिसावां थाने की कुतुबनगर चौकी क्षेत्र के मोहम्मदनगर में रहने वाले हरीलाल की करीब एक बीघा पुश्तैनी जमीन है। इस जमीन में हरीलाल के अलावा उसके भाई हीरालाल और कालीचरण का भी हिस्सा है। जमीन में बंटवारे को लेकर तीनों भाइयों में विवाद चल रहा है। 20 सितंबर को क्षेत्रीय लेखपाल ने जमीन का बंटवारा कर विवाद शांत करा दिया था।
रविवार की दोपहर करीब एक बजे हीरालाल अपने भाई हरीलाल के घर पहुंचा और कहा कि चलो आज तुम लोगों को जमीन दे देता हूं। इसके बाद तीनों परिवार विवादित जमीन पर पहुंचे। वहां हीरालाल ने भाले से अपने भतीजे राजू (25) पुत्र हरीलाल पर हमला कर दिया। भाला राजू की गर्दन में लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
यह देख उसके पिता हरीलाल, चाची देशरानी पत्नी कालीचरण तथा चचेरे भाई मनीष पुत्र कालीचरण ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो हीरालाल ने भाले से हमला कर उन्हें भी जख्मी कर दिया और मौके से भाग निकला। दिनदहाड़े हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर सीओ मिश्रिख अभय प्रताप मल्ल, थाना प्रभारी पिसावां दिनेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता हरीलाल ने हीरालाल, उसकी पत्नी कुसुमा, बेटे राजकुमार व बेटी माला पर अपने बेटे राजू की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी पिसावां ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
दो दिन पहले ही दिल्ली से आया था राजू
राजू दिल्ली में मजदूरी करता था। दो दिन पहले ही वह दिल्ली से घर आया था। यहां पुश्तैनी जमीन के विवाद में वह अपनी जान गंवा बैठा। उसके परिवार में तीन छोटे भाई हैं। बड़ा होने के नाते घर के खर्च में वह हाथ बंटाता था। रविवार को हुई वारदात से उसके परिवार की खुशियां ही छिन गईं। उसके पिता और मां बार-बार यही कह रहे हैं कि काश वह दिल्ली से अभी वापस न आया होता।
एक साल पहले ही हुई थी राजू की शादी
एक साल पहले राजू की शादी हुई थी। इन दिनों उसकी पत्नी गर्भ से है। इसको लेकर उसे मायके भेज दिया गया था। इधर, अचानक इस सनसनीखेज वारदात से जहां राजू के परिवार का बुरा हाल है। वहीं, एक नन्ही जान ने दुनिया में आने से पहले ही अपने पिता को खो दिया।