सकरन थाना क्षेत्र के ओड़ाझार की घटना
सीतापुर। सकरन थाना क्षेत्र में शनिवार को छप्पर व दीवार गिर गई। इसके मलबे की चपेट में आकर एक परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि नए भवन के निर्माण के दौरान करीब में मौजूद छप्पर व दीवार गिरी है। आननफानन घायलों को सीएचसी लहरपुर पहुंचाया गया। यहां पर एक बच्चे की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सकरन के ग्राम ओड़ाझार निवासी शमसुद्दीन को प्रधानमंत्री आवास आवंटित हुआ था। शनिवार को उसके आवास का निर्माण कार्य चल रहा था। इससे निर्माणाधीन मकान के करीब मौजूद छप्पर दीवार समेत गिर गया। इससे छप्पर के नीचे मौजूद शमसुद्दीन की पुत्री समां (4), पुत्र मतीन (8) व मेहमानी में आया सकरन के ग्राम कुंसर निवासी मुमतियाज (22) मलबे में दब गए।
हादसा देख मौकेे की ओर दौड़े ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से मलबा हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक समां, मतीन व मुमतियाज घायल हो चुके थे। घायलों को लहरपुर सीएचसी में भर्ती कराने पर डॉक्टरों ने समां को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि समां के एक पैर की हड्डी टूट गई है। जिसका इलाज किया जा रहा है।