उत्तर प्रदेश के संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र में एक फौजी अपनी बहन को गोली मारकर जंगल में फेंक गया। गंभीर हालत में मिली युवती को पुलिस ने उपचार के लिए अलीगढ़ भेजा।
युवती के होश में आने पर पुलिस ने उसके प्रेमी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।
रजपुरा थानांतर्गत चाऊपुरडांडा के पास पुलिस को करीब बीस साल की एक युवती गंभीरावस्था में पड़ी मिली। युवती को गोली लगी थी।
पुलिस ने प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसे इलाज को अलीगढ़ रेफर करवाया। एसओ कश्मीर सिंह ने बताया कि युवती मरणासन्न अवस्था थी।
होश में आने पर उसने बताया कि जोधपुर में सेना में तैनात उसका भाई बुआ के घर ले जाने के बहाने उसे बाइक से लेकर आया और गोली मारकर फेंक गया।
इसका कारण वह बुलंदशहर जनपद के कस्बा शिकारपुर के ही एक युवक से अपना प्रेम संबंध बता रही है। पुलिस ने प्रेमी की तहरीर पर आरोपी फौजी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इधर, युवती की सुपुर्दगी के लिए पुलिस ने उसे मंगलवार को पेश किया।