बैजनाथ धाम से लौट रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत
खुनुवां। बैजनाथ धाम से वापस आ रहे खुनुवा कस्बा निवासी युवक की गैसड़ी-पचपेड़वा स्टेशन के बीच ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। बलरामपुर में पोस्टमार्टम के बाद बुधवार देर रात शव घर लाया गया।
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के खुनुवां निवासी फूल कुमार (35) व उनकी पत्नी विद्यावती समेत छह लोग 20 जून को बाबा बैजनाथ धाम की यात्रा पर रवाना हुए थे। बाबा धाम में दर्शन के बाद लोग बनारस, अयोध्या का भ्रमण करते 28 जून की शाम गोंडा रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। वहां से शोहरतगढ़ स्टेशन आने के लिए टिकट लेकर ऐशबाग-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुए। बुधवार देर रात फूल कुमार ने पत्नी से कहा कि वह शौचालय में जा रहे हैं।
उसके बाद वह गैसड़ी-पचपेड़वा स्टेशन के बीच ट्रेन से नीचे गिर गए। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जब तक साथ के लोग कुछ समझ पाते, ट्रेन आगे स्टेशन पर पहुंच गई। साथ के लोगों ने जीआरपी थाने को घटना की सूचना दी। बुधवार को जीआरपी के जवानों ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को बलरामपुर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव लेकर बुधवार देर रात खुनुवां घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। फूल कुमार दिल्ली में मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी विद्यावती सहित तीन बच्चे बदहवास हो गए हैं।