भवानीगज। भवानीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसे में राजेश (22) गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना धनखरपुर स्थित नर्सरी के पास हुई, जहां सड़क पर अचानक एक कुत्ता आ जाने से युवक की बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, राजेश (22) निवासी कुन्डऊ, थाना गैड़ास बुजुर्ग, जनपद बलरामपुर किसी आवश्यक कार्य से बाइक से जा रहा था। वह भवानीगंज थाना क्षेत्र के धनखरपुर चौराहे के पास स्थित नर्सरी के पास पहुंचा, तभी अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। इसे बचाने के प्रयास में राजेश ने बाइक का संतुलन खो दिया, जिससे उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए घायल युवक की सहायता की। लोगों ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया लेकिन सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें होने के कारण उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए बस्ती रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही युवक के परिजनों को भी अवगत करा दिया गया, जिसके बाद परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक का उपचार जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।