बिस्कोहर। नगर पंचायत बिस्कोहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण ढंग से होली मनाई गई। लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर होली की बधाई दी। युवाओं ने जमकर कपड़े फाड़ होली खेलकर आनंद उठाया। जबकि व्यापारियों ने भी जमकर होली खेली। बुधवार की सुबह ही होली के दौरान बच्चे बूढ़े सभी लोगों में रंगों के पर्व को लेकर उत्साह देखा गया।
बिस्कोहर कस्बे में युवाओं ने अबीर गुलाल उड़ाकर डीजे पर होली के भोजपुरिया गाने पर थिरकते नजर आए। सुबह 10 बजे युवा हुरियारों की टोली नगर के मुख्य कस्बे में पहुंचा तो यहां पर कपड़े फाड़ होली शुरू हो गई। उसके बाद युवाओं ने अबीर गुलाल उड़ाकर डीजे पर होली के भोजपुरिया गाने पर थिरकते हुए दोपहर एक बजे नगर के कसेरा मोहल्ला में पहुंचे तो यहां पर पानी की होली शुरू हो गई। मोहल्ले की महिलाओं ने सभी हुरियारों को पानी से भिगोकर सराबोर कर दिया। वहीं, नगर पंचायत क्षेत्र के सिकौथा, मधवापुर, सिकरा बुजुर्ग, संग्रामपुर, बेलवा बाबू, फूलपुर राजा, भलुइया, देवीपुर के साथ नावडीह में भी शांतिपूर्ण ढंग से होली का पर्व मनाया गया। मुख्य रूप से सुधीर त्रिपाठी, सुरेश पांडेय, नगर अध्यक्ष अजय गुप्ता, विक्की कौशल, मिट्ठू कौशल, पप्पू कौशल, राजू कौशल आदि शामिल रहे।