बनकटा। थाना क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग स्थित पुलिस चेक पोस्ट से सोमवार को पुलिस ने 90 पाउच अवैध देसी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, एसआई धर्मेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक पैदल प्लास्टिक की बोरी में शराब लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को रोकने का प्रयास किया,तो युवक भागने लगा।
पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास मौजूद प्लास्टिक की बोरी से दो पेटियों में कुल 90 पाउच देशी शराब बरामद होने की बात पुलिस द्वारा कही गई है।पुलिस ने युवक की पहचान अनुराग सिंह निवासी जंजीरहा,थाना बनकटा,जनपद देवरिया के रूप में किया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई पर लोग उठा रहे हैं सवाल : रामपुर बुजुर्ग चेकपोस्ट पर युवक को 90 पाउच अवैध शराब के साथ पकड़ने की कार्रवाई पर कई सवाल भी खड़ा कर रहा है। कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि युवक को चौकी पर तैनात दो सिपाही उसके घर से लेकर गए थे।
चर्चा यह भी है कि किसी साठगांठ के तहत उसकी बाइक छोड़ दी गई और केवल शराब को दाखिल कर दिया गया।