सिद्धार्थनगर। कोहरे ने दस्तक दी तो गर्म कपड़े संदूक से बाहर निकलने लगे। साथ ही, नए ऊनी कपड़ों, ठंड से निजात दिलाने वाले उपकरणों की खरीदारी के लिए लोग बाजार पहुंचने लगे हैं। गर्म कपड़े की बिक्री बढ़ने से कारोबारियों ने बाजार में 20 फीसदी तक उछाल का अनुमान जताया है। कारोबारियों के मुताबिक, इस वर्ष गर्मी और बारिश ने रिकॉर्ड बनाया।
11 नवंबर के बाद अचानक कोहरे और ठंड की दस्तक ने अहसास करा दिया है कि आगामी दिनों में कंपकंपी छूटेगी। बीते पांच दिनों में ही रात के तापमान में चार और दिन के तापमान में पांच डिग्री तक गिरावट दर्ज हो चुकी है।
मौसम विभाग ने इसमें और गिरावट के आसार जताए हैं। लिहाजा, गर्म कपड़ों की बिक्री शुरू हो गई है। कपड़ा कारोबारी अनिल गुप्ता के मुताबिक अभी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए ही कपड़ों की बिक्री हो रही है।
मफलर, दस्ताने, गर्म टोपी, ऊनी मोजे, स्वेटर, लेडीज जैकेट, कार्डिगन, शॉल, सूट आदि की मांग बढ़ी है। ब्लोअर, गैस गीजर, वॉशिंग मशीन की मांग ज्यादा : कारोबारी सुनील के मुताबिक सर्दी से निजात दिलाने वाले उपकरण एक हजार वाट से ज्यादा के होते हैं।
ऐसे में बिजली वाले गीजर और रॉड के सापेक्ष बिल बचाने के लिए गैस गीजर की मांग ज्यादा है। सर्दियों में कपड़े धोने में परेशानी होती है, इसलिए वॉशिंग मशीन की बिक्री बढ़ी है।