उसका बाजार। थाना क्षेत्र के लोहिया नगर वार्ड के परती मोहल्ले में बृहस्पतिवार दोपहर संदिग्ध हाल में एक विवाहिता की मौत हो गई। कमरे में छत के कुंडे से फंदे के सहारे लटकता हुआ उसका शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।
क्षेत्र के लोहिया नगर वार्ड के परती मोहल्ला निवासी दीपू गुप्ता ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी पत्नी इंदू देवी (32) अपने कमरे में छत के कुंडे के सहारे लटकी हुई हैं। उस समय घर पर कोई नहीं था। स्कूल से पढ़कर लौटी लड़की पंखुड़ी ने जब अपनी मां को फंदे से लटकता देखा तो शोर मचाया। इसके बाद लोगों ने दरवाजा खोलकर उसे उतारा। इस बीच इंदू की मौत हो चुकी थी। दीपू ने इंदू के मायके में फोन से सूचना दिया। इंदू के पिता राजेंद्र और मां अनीता भी मौके पर पहुंच गई। बता दें कि दीपू की शादी 11 वर्ष पहले शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के महदेवा में हुई थी। इनसे दो बेटी और एक बेटा है। इस संबंध में प्रभारी एसओ चंद्रशेखर पांडेय ने बताया कि मौके पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाया है। परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है, मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।