इटवा के ग्राम गौरा बाजार में घर के अंदर विखरा सामान। संवाद
- फोटो : chineni news
इटवा। इटवा थाने के गौरा बाजार में बृहस्पतिवार की रात में करम हुसैन के घर में घुसे चोरों ने उसकी बहू को कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद लगभग पांच लाख रुपये के जेवरात चुरा ले गए।
चोरी की सूचना पर पहुंची इटवा पुलिस जांच कर रही है। वहीं, एक बार फिर चोरी की वारदात होने से लोगों में दहशत है।
जानकारी के मुताबिक, गौरा बाजार निवासी करम हुसैन का परिवार बृहस्पतिवार को खाना खाने के बाद सो गया। रात करीब दो बजे शौच के लिए उठी बहू ने चोरों को देखकर शोर मचाना चाहा। तभी एक ने उसके मुंह पर हाथों से प्रहार कर दिया, जिससे वह गिरकर बेहोश हो गई। होश में आने पर उसने चिल्लाना शुरू किया। जब-तक परिवार के लोग आते, चोर भाग गए। इस संबंध में मकान मालिक करमहुसैन के मुताबिक घटना शुक्रवार तड़के करीब दो बजे की है। परिवार के लोग बरामदे में सोए हुए थे।
बाहर का फाटक नहीं था। चोर सामने के दरवाजे से अंदर घुसे और कमरे के अंदर बैग में रखी चाबी से अलमारी खोलकर उसमें रखे जेवरात निकाल ले गए। पीड़ित ने मामले की जांच करके कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में एसओ श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि मौके पर गया था। जांच की जा रही है।