सिद्धार्थनगर। चिल्हिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अलीदापुर निवासी प्रदीप कुमार गुप्ता (30) पुत्र जवाहिर ने मंगलवार रात अपने कमरे में छत की कुंडी से रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों के अनुसार मंगलवार शाम पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, चिल्हिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अलीदापुर निवासी प्रदीप कुमार गुप्ता मृतक शादी-विवाह कार्यक्रमों में कैटरिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। मंगलवार को उसका पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इससे नाराज पत्नी गौरा बाजार स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर चली गई। काफी प्रयास के बावजूद जब वह लौटने को तैयार नहीं हुई तो युवक तनाव में आ गया।लोगों ने बताया कि प्रदीप पत्नी को बुलाने के लिए गौरा बाजार भी गया था, जहां से वह निराश होकर लौट आया।
इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया और दरवाजा बंद कर लिया। बुधवार सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो 12 वर्षीय बेटी संध्या और तीन वर्षीय पुत्र प्रियांशु ने आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर परिजन जुट गए। झरोखे से झांकने पर प्रदीप का शव फंदे से लटका दिखा, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सबसे दर्दनाक दृश्य उस समय सामने आया जब मासूम बच्चे अपने पिता के शव के पास रोते रहे। तीन वर्षीय पुत्र प्रियांशु बार-बार पापा उठ जाओ कहता रहा, जिसे देखकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।वह अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और चार भाइयों सहित पूरा परिवार छोड़ गया है।
चिल्हिया एसओ राजेश गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।