लोटन। क्षेत्र में बुधवार को डीजल और पेट्रोल की भारी किल्लत ने हालात बिगाड़ दिए। कई पेट्रोल पंपों पर स्टॉक खत्म होने का हवाला देकर तेल देने से मना कर दिया गया, जिससे वाहन चालकों में हाहाकार मच गया। जहां कुछ पंपों पर ईंधन उपलब्ध था, वहां दो किलोमीटर तक लंबी कतारें लग गईं और लोग भीषण गर्मी में घंटों परेशान होकर लोगों गाड़ी में पेट्रोल भरवाया।
कस्बे के चौधरी फीलिंग स्टेशन सहित कई पंपों पर ‘नो फ्यूल’ के बोर्ड टांग दिए गए और बैरिकेडिंग कर दी गई। स्थिति यह रही कि कई वाहन चालकों को पंप बंद देखकर बैरंग लौटना पड़ा, जबकि अन्य पंपों पर ईंधन लेने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मजबूरी में लोग एक पंप से दूसरे पंप का चक्कर लगाते नजर आए। ट्रक, ट्रैक्टर और बस चालकों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खेती-किसानी का सीजन होने के कारण डीजल की कमी ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।
जिन पंपों पर स्टॉक उपलब्ध था, वहां सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। दोपहर तक हालात यह हो गए कि कतार करीब दो किलोमीटर तक पहुंच गई। चिलचिलाती धूप में बाइक सवार, कार चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली वाले अपनी बारी का इंतजार करते रहे। भीड़ बढ़ने के साथ कई स्थानों पर धक्का-मुक्की और अव्यवस्था की स्थिति भी बन गई। लोगों ने आरोप लगाया कि उचित आपूर्ति न होने और अचानक आई कमी के कारण पूरा क्षेत्र संकट में फंस गया है।